- एसईसीएल दीपका एरिया में एटक को बड़ा झटका कोरबा (ईएमएस) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना दीपका क्षेत्र में श्रमिक संगठन एटक को बड़ा झटका लगा है। जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित 23 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। एसईसीएल दीपका क्षेत्र में एक माह पूर्व ही एटक यूनियन का क्षेत्रीय सम्मलेन हुआ था। इसके बावजूद यूनियन में इन दिनों सब कुछ ठीक नही चल रहा है। हाल ही में कुसमुण्डा क्षेत्र में मजदूर आंदोलन पर एटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष का समर्थन रहा है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय सचिव आंदोलन से किनारा कर अलग नजर आए थे। बताया जा रहा हैं की अब विवाद बढ़कर दीपका क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) एसईसीएल के केंद्रीय महामंत्री पर मनमानी ढंग से संगठन चलाने सहित 7 बिंदुओं पर आरोप लगाते हुए एटक के राष्ट्रीय महामंत्री को एक पत्र लिखा गया है। बताया जा रहा हैं की पत्र में एटक दीपका क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय कल्याण समिति सदस्य, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य, क्षेत्रीय सह-सचिव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व क्षेत्रीय आवास समिति के सदस्य, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष व क्षेत्रीय खान सुरक्षा समिति के सदस्य, दीपका परियोजना के अध्यक्ष सहित 23 क्षेत्रीय और शाखा कार्यकारिणी के सदस्यों ने पद से सामूहिक इस्तीफा दिया है। 08 फरवरी / मित्तल