08-Feb-2026
...


फरीदाबाद (ईएमएस)। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड क्राफ्ट मेले में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर दर्ज एफआईआर में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झूला संचालक और उसके स्टाफ की कथित लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें निरीक्षक जगदीश प्रसाद की जान चली गई। एफआईआर के अनुसार, मेले में लगाए गए झूले का संचालन हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर निवासी सरबजीत सिंह कर रहा था। आरोप है कि झूले के संचालन में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे की बताई गई है। उस समय मेले में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और झूले का आनंद ले रहे थे। अचानक झूले का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी और निरीक्षक जगदीश प्रसाद तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। एफआईआर में उल्लेख है कि जब पुलिसकर्मी लोगों को झूले के नीचे से निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी झूले का दूसरा हिस्सा अचानक गिर पड़ा और सीधे निरीक्षक जगदीश प्रसाद के ऊपर आ गिरा। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में कई अन्य पुलिसकर्मी और आम नागरिक भी घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए झूला संचालक और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच तेज कर दी है।