08-Feb-2026
...


- कोल्गा जंगल में कूप कटाई का काम होगा जल्द शुरू कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के कोरबा वनमंडल अंतर्गत पसरखेत रेंज के कोल्गा जंगल में कूप कटाई का काम शीघ्र ही शुरू होने वाला है। क्योंकि वन विभाग जहां ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज शिकायत को वापस लेने के लिए तैयार हो गया है वहीं ग्रामीण भी कूप कटाई के कार्य में किसी तरह की बाधा न डालने पर अपनी सहमति दे दी है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कोल्गा के ग्रामीणों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा हुई जिसमें ग्रामीणों से कूप कटाई के काम में बाधा न डालने की बात विभाग की ओर से कही गई। वहीं ग्रामीणों ने अपने खिलाफ दर्ज शिकायत को वापस लेने की मांग की, जिस पर दोनों पक्षों ने सहमति जता दी। सहमति के बाद अब वन विभाग ने कूप कटाई का काम शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। उल्लेखनीय हैं कि गत दिनों वन विभाग की ओर से इस जंगल में कूप कटाई का कार्य प्रारंभ किया जा रहा था, तब ग्रामीणों ने कड़ा विरोध करते हुए कूप कटाई के लिए पहुंच वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ हुज्जतबाजी की थी और कटाई में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों को छीन लिया था। जिस पर वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी थी। जिस पर पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। 08 फरवरी / मित्तल