क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)अधूरे नंबर की प्लेट लगाकर अंतरराज्यीय शराब तस्करी करने वाले एक तस्कर को टूण्डला पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है।आरोपी के कब्जे से करीब 92 लाख रुपये कीमत की 753 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, एक ट्रक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 10 फरवरी 2026 की रात करीब 9:55 बजे मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 सर्विस रोड, नगला महादेव के पास की गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान मदनलाल पुत्र जगदीश, निवासी बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब के संगरूर जिले से शराब लाकर बिहार में सप्लाई करता था। बिहार में शराबबंदी होने के कारण उसे इस अवैध धंधे से भारी मुनाफा होता था। पकड़े जाने से बचने के लिए वह ट्रक के असली नंबर RJ-09-GC-2359 की जगह अधूरी नंबर प्लेट 9-GC-235 लगाकर चलता था। बरामद शराब में रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल्स ब्रांड शामिल हैं, जिन पर “फॉर सेल इन पंजाब ओनली” लिखा हुआ है. कुल मिलाकर लगभग 9036 लीटर शराब जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।