क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जनपद अध्यक्ष गोपाल बढ़ाई की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, महिला एवं बाल कल्याण, कृषि और सिंचाई जैसे विषयों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया। ग्रामीण विकास, किसानों की सुविधा, युवाओं के रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के मुद्दों पर भी गहन विमर्श हुआ। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुरेंद्र बंजारे ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों का सतत विकास है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान जनपद अध्यक्ष एवं सदस्यों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष आनंद तेता, सदस्य विकास राजू नायक, पीलम नरेटी, सविता उइके, अमृत कोटिंगला, सुलोचना कोरेटी, हेमलता उइके, सुशीला गावड़े, निर्मला कोवाची सहित विभिन्न विभागों—स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, खाद्य, पशुधन एवं कृषि विभाग—के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी प्रमुखता से रखीं। इनमें गर्मी फसलों के लिए सिंचाई साधनों की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, स्कूलों में शिक्षकों की कमी और आंतरिक सड़कों के निर्माण जैसे मुद्दे शामिल रहे। इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस सुझाव भी सामने आए। जनपद अध्यक्ष गोपाल बढ़ाई ने कहा कि पंचायत का वास्तविक उद्देश्य गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सामूहिक सहयोग के साथ विकास कार्यों की गति तेज करने का आह्वान किया। साथ ही महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता और शिक्षा सुधार से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)12 फरवरी 2026