क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


- डॉक्टर अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई मुंगेली(ईएमएस)। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और वैधानिक प्रावधानों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए गर्ग सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को सील कर दिया है। यह कार्रवाई नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के उल्लंघन और अस्पताल में चिकित्सक की अनुपस्थिति पाए जाने के बाद की गई। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन नियम-2013 के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. कमलेश कुमार और नायब तहसीलदार हरीश यादव की संयुक्त टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। डॉक्टर की अनुपस्थिति में अस्पताल का संचालन किया जाना नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन माना गया। सीएमएचओ डॉ. शीला साहा ने बताया कि इससे पहले 16 जनवरी को भी अस्पताल का निरीक्षण किया गया था, जिसमें चिकित्सक अनुपस्थित पाए जाने पर संस्था को नोटिस जारी किया गया था। बावजूद इसके आवश्यक सुधार नहीं किए गए, जिसके चलते प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम को निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण उपचार से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026