गुना (ईएमएस)। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के सुंदरखेड़ी बीनागंज गांव में शादी समारोह से एक दिन पहले नाच-गाने के कार्यक्रम को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात लाठी-डंडों से मारपीट तक पहुंच गई। इस घटना में दूल्हे के पिता, ताऊ, मामा सहित परिवार के 5 से 7 लोग घायल हो गए। घायलों में से एक को रेफर कर गुना भेजा गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। घटना के चलते गुरुवार को आने वाली बारात भी नहीं आ सकी। परिजनों के अनुसार उनके बेटे की शादी तय थी और बारात गुरुवार को गुना आनी थी। शादी से एक दिन पहले घर में नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रात में मीना समाज के कुछ लोग वहां पहुंचे और नाचने वाली कंजरियों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने लगे। परिवार और बारातियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी धमकी देते हुए चले गए और कहा कि सुबह देख लेंगे। परिजनों का आरोप है कि सुबह होते ही आधा दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडे और लुहांगियों के साथ उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। घर में घुसकर परिवारजनों को खींच-खींचकर पीटा गया। इस दौरान दूल्हे के पिता, ताऊजी, मामा और अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने रात में डायल-100 वाहन को ट्रैक्टर आड़ा लगाकर रोक दिया। वहीं सुबह जब घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस आई तो उसे भी गांव से बाहर निकलने नहीं दिया गया। बेमुश्किल एंबुलेंस निकल पाई और घायलों को इलाज के लिए भेजा जा सका। घटना को लेकर परिजन भानू कुशवाह ने बताया कि आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं और कहा जा रहा है कि अगर बारात निकालने की कोशिश की तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। मारपीट और धमकियों के चलते परिवार दहशत में है और शादी की पूरी व्यवस्था बिगड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीताराम नाटानी