क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


- चार दिन सजेगा देशभर की संस्कृति का रंगमंच बिलासपुर (ईएमएस)। आदिवासी अंचल में स्थित डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय में 13 से 16 फरवरी तक चार दिवसीय रमन लोक कला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव की थीम लोक में राम रखी गई है, जिसके अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं में भगवान राम से जुड़े प्रसंगों को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, झारखंड, असम सहित कई राज्यों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कुलसचिव डॉ. अरविंद कुमार तिवारी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य लोक कला, संस्कृति, साहित्य और भाषा का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इसी भावना के साथ पिछले सात वर्षों से यह महोत्सव निरंतर आयोजित किया जा रहा है। यह मंच जमीनी कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩे का कार्य करता है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वैचारिक सत्र भी आयोजित होंगे, जिनमें कला, संस्कृति, साहित्य, भाषा, पत्रकारिता और सिनेमा जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। विशेष आकर्षण के रूप में चार पद्मश्री सम्मानित विभूतियां—पद्मश्री अजय मंडावी, पद्मश्री रामलाल बरेठ, पद्मश्री राधेश्याम बारले और पद्मश्री जागेश्वर यादव—पद्म संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत श्रोताओं से संवाद करेंगे। डॉ. तिवारी ने बताया कि इस वर्ष बस्तर, कांकेर, जगदलपुर, रायगढ़ सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों से कलाकार भाग लेंगे। लोक में राम विषय के अंतर्गत रामकथा, भजन, लोकनृत्य और नाट्य रूपों की विविध शैलियां प्रस्तुत की जाएंगी। कार्यक्रम स्थल पर शासकीय व गैर शासकीय संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं व उत्पादों की जानकारी दी जाएगी, वहीं विद्यार्थी मॉडल और प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करमा नृत्य, मानसगान, पंडवानी शैली में रामायण प्रसंग, पुसौर की प्राचीन रामलीला, धुरवा मड़ई नृत्य, श्रुति नाट्य, ‘राम अरण्यकाण्ड’ पर शास्त्रीय नृत्य, रामनामी समुदाय के भजन, अंकिया नाट (असम), छऊ नृत्य (झारखंड), ओडिसी नृत्य सहित अनेक प्रस्तुतियां होंगी। यह महोत्सव लोक परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लेकर सांस्कृतिक चेतना का उत्सव बनेगा। मनोज राज 12 फरवरी 2026