बिलासपुर (ईएमएस)। दयालबंद क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की महाविद्यालय इकाई ने प्राचार्य को मांगपत्रयुक्त ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता के कारण छात्रों को निरंतर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में महाविद्यालय परिसर में आपत्तिजनक वस्तुओं का मिलना, तृतीय वर्ष का सिलेबस अब तक पूर्ण न होना, परिसर में स्वच्छता का अभाव, वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के लिए खेल सामग्री की कमी तथा सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति न होना शामिल है। संगठन ने कहा कि इन समस्याओं से न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि छात्राओं की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है। एबीवीपी ने प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। इस अवसर पर नैतिक नामदेव (दयालबंद भाग संयोजक), देवेश शर्मा (तिफरा भाग मंत्री), मोहनीश प्रजापति (स्स्नष्ठ सह संयोजक), कबीर करिहार (महाविद्यालय प्रमुख), दिव्यांशु पांडेय (इकाई अध्यक्ष), तेजस्वी साहू (इकाई मंत्री) तथा राहुल कौशिक (इकाई उपाध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। एबीवीपी ने दो टूक कहा कि छात्रहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समस्याओं के निराकरण तक संघर्ष जारी रहेगा। मनोज राज 12 फरवरी 2026