क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


- 117 नाम कटवाने का आरोप,कलेक्टोरेट में कांग्रेस का हंगामा बिलासपुर (ईएमएस)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के एक वार्ड में अल्पसंख्यक समुदाय के 117 मतदाताओं के नाम विलोपित कराने के लिए फार्म-7 जमा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में फार्म भरकर बीएलओ को सौंपे गए। मामले की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं बेलतरा प्रत्याशी विजय केशरवानी मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल से शिकायत कर जांच की मांग की। कलेक्टर ने प्रकरण की जांच का आश्वासन दिया है। विजय केशरवानी ने कहा कि जिन 117 मतदाताओं के नाम कटाने के लिए फार्म-7 भरे गए हैं, वे सभी जीवित हैं और वर्षों से उसी पते पर निवास कर रहे हैं। उनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में भी दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से कांग्रेस समर्थक, अल्पसंख्यक तथा एससी-एसटी मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है।कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि भौतिक सत्यापन के बाद भी फार्म-7 क्यों भरे गए। वार्ड क्रमांक 55-56 के बूथ क्रमांक 191, 192 और 193 में क्रमश: 10, 15 और 92 मतदाताओं के नाम विलोपित कराने का प्रयास बताया गया है। कलेक्टर से मुलाकात करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष धनंजय सिंह सहित कई पार्षद व कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मनोज राज 12 फरवरी 2026