राज्य
12-Feb-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार जद (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि मुद्दों के अभाव में विपक्ष झूठ की राजनीति पर उतारू हो गया है तथा सोची-समझी साजिश के तहत कानून-व्यवस्था के नाम पर बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार की स्वच्छ छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बजट सत्र के दौरान सदन में विपक्ष द्वारा जिस प्रकार का आचरण प्रदर्शित किया जा रहा है, वह संसदीय गरिमा के अनुरूप कतई नहीं है। इससे स्पष्ट परिलक्षित होता है कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी पराजय से विपक्ष अब तक उबर नहीं पाया है तथा अपनी बौखलाहट का खुला प्रदर्शन कर रहा है, उन्हें जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। उन्होंने आगे कहा कि यह राजनीतिक विडंबना की पराकाष्ठा है कि जिनका पूरा शासनकाल अपराध और अव्यवस्था का पर्याय माना जाता रहा, जिनके 1990 से 2005 के कार्यकाल के दौरान प्रदेश की जनता ने डर, आतंक और भय के वातावरण में जीवन व्यतीत किया, वही लोग आज विधि-व्यवस्था के प्रश्न पर घड़ियाली आँसू बहा रहे हैं। श्री कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार जनता के हितों की सुरक्षा को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कानून के राज में किसी को भी मनमानी करने की इजाजत नहीं है। यदि कोई अपराधी कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करता है, तो सरकार उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करती है। इसके विपरीत राजद के शासनकाल में अपराधियों को दंडित करने के बजाय सत्ता में बैठे लोगों द्वारा उन्हें संरक्षण और प्रोत्साहन दिया जाता था। संतोष झा- १२ फरवरी/२०२६/ईएमएस