राज्य
13-Feb-2026


जयपुर (ईएमएस)। भरतपुर जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने बयाना उपखण्ड क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जिला कलेक्टर ने बंध बारैठा में पर्यटन विकास एवं पर्यटकों की सुविधाओं के लिए चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर आधुनिक सुविधाओं का समावेश करते हुए गुणवत्ता से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप पर्यटन गतिविधि को बढाने के लिए सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे कराये जाए। उन्होंने बंध बारैठा नहरी तंत्र को सुदृढ करने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा कराये जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर बजट घोषणा के अनुरूप सभी कार्य कराते हुए किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने झील का बाडा पहुंच कर विख्यात कैलादेवी चैत्र नवरात्रा मेले की तैयारियों का जायजा लिया तथा यात्रियों की सुविधाओं के लिए अभी से तैयारियों को मूर्तरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के वाहनों को निर्धारित स्थान पर सुव्यस्थित पार्किंग की व्यवस्था हो तथा पैदल यात्रियों को आवागमन में परेशानी न रहे।उन्होंने मंदिर परिसर में लगने वाली दुकानों को रोड सीमा में निर्धारित स्थान तक व्यवस्थित रूप से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड जमा नहीं हो सभी यात्रियों को धार्मिक भावनाओं के अनुरूप सभी व्यवस्थाऐं देवस्थान विभाग समय पर पूरी करें। उन्होंने उपखण्ड प्रशासन को भीड मैनेजमेंट के अनुसार व्यवस्थाऐं पूरी कराने के निर्देश दिए। अशोक शर्मा/ 4 बजे/ 13 फरवरी 2026