-दो गाड़ियों में नशीले पदार्थ ले जाने की मिली थी सूचना, दूसरी गाड़ी में सवार तस्कर फरार पाली,(ईएमएस)। जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई मुठभेड़ में बदल गई। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और तस्करों के बीच हुई फायरिंग में तस्कर भूटाराम बाबल की मौत हो गई। पुलिस ने एक अन्य को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरी गाड़ी में सवार तस्कर फरार हो गए। एएसपी के मुताबिक सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध गाड़ियों में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। टास्क फोर्स ने तुरंत घेराबंदी कर वाहनों का पीछा किया। भागने की कोशिश में तस्करों की एक गाड़ी तेज रफ्तार में निकल गई, लेकिन दूसरी गाड़ी को रोकने के लिए पुलिस ने दीवेर घाटी के पास सड़क पर स्ट्रीक डालकर उसके टायर पंक्चर कर दिए। जैसे ही तस्कर की गाड़ी रुकी, उसमें सवार तस्कर भूटाराम बाबल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। खुद के बचाव और तस्कर को रोकने के लिए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में एक गोली भूटाराम के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल और फिर पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से गाड़ी को जब्त कर एक अन्य संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। फरार हुई दूसरी गाड़ी और उसमें सवार अन्य तस्करों की तलाश में जिले भर में नाकाबंदी कराई गई है। इस घटना के बाद खिंवाड़ा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पता लगाने में लगी है कि तस्करों का यह नेटवर्क कहां तक फैला था और वे नशीले पदार्थों की खेप कहां ले जा रहे थे। सिराज/ईएमएस 13फरवरी26 ----------------------------------