इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज और संदिग्ध मामले में नग्न अवस्था में युवती का शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की अंकल गली का है और नग्नावस्था में मिली युवती की गुमशुदगी भी परिजनों ने दर्ज कराई थी। पुलिस को आज अंकल गली के ही रहवासियों ने वहां स्थित एक कमरे से बदबू आने की शिकायत की थी जिसके बाद द्वारकापुरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर टीम ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां युवती का शव उक्त स्थिति में बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एफएसएल टीम को बुला जांच कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार अंकल गली के एक मकान में सूचना के बाद पहुंची टीम ने पच्चीस वर्षीय लापता छात्रा का शव बरामद कर मौके पर एफएसएल टीम को बुला जांच कार्रवाई शुरू की। युवती का शव संदिग्धावस्था में जिस कमरे में मिला है, वह उसके क्लासमेट पीयूष धनोतिया ने किराए पर लिया हुआ था। पियूष मंदसौर का रहने वाला है और उसके पिता की वहा किराने की दुकान है। युवती और पीयूष दोनों सावेर रोड स्थित एक संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। युवती 10 फरवरी से लापता थी। पुलिस के अनुसार युवती के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि 10 फरवरी को वह आधार कार्ड ठीक करवाने की बात कहकर पिता के साथ घर से निकली थी जिस पर पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा था। इसके बाद उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर कहा था कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ बर्थडे पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक लौट आएगी। इस पर उसने उससे कहा था कि वह यह बात खुद पिता को बता दे। लेकिन उसने पिता को फोन पर यह बात नहीं बताई और उसके बाद से ही युवती घर पर भी नहीं लौटी तथा उसका मोबाइल भी बंद हो गया। सभी दूर खोजने के बाद परिजनों ने पंढरीनाथ थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार मामले में एक सनसनीखेज बात उस समय और सामने आई जब परिजनों ने पूछताछ में बताया कि युवती के कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप में युवती का एक आपत्तिजनक वीडियो उसकी गुमशुदगी के बाद उसके ही मोबाइल से पोस्ट किया गया था जिसमें युवक का चेहरा इमोजी से ढका हुआ था, जबकि युवती का चेहरा साफ दिख रहा था। जिस पर कॉलेज प्रबंधन ने कार्रवाई की थी। परिजनों के अनुसार आरोपी ने युवती के मोबाइल से उसके साथ के आपत्तिजनक वीडियो फोन में सेव नंबरों पर भी भेजे थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच करते मृतक युवती के क्लासमेट पीयूष धनोतिया की तलाश कर रही है। आनंद पुरोहित/ 13 फरवरी 2026