राज्य
13-Feb-2026


बेगूसराय, (ईएमएस)। स्थानीय अदालत ने अक्टूबर 2019 में हुए एक तिहरे हत्याकांड के मामले में दोषी पाए गए एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई। अतिरिक्त लोक अभियोजक राम प्रकाश यादव ने कहा कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश- III ब्रजेश कुमार सिंह की अदालत ने विकास कुमार को अपने भाई, अपने भाई की पत्नी और अपनी भतीजी की हत्या का दोषी पाते हुए मौत की सजा सुनाई। यह घटना बेगूसराय जिले के सिंघौल थाने के अंतर्गत मचहा गांव में दिवाली की रात हुई। अतिरिक्त लोक अभियोजक ने कहा, दोषी के अपराध को जघन्य मानते हुए न्यायाधीश ने उसे मृत्युदंड दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, दिवाली की रात जब वे त्योहार मना रहे थे तब विकास ने अपने भाई कुणाल कुमार, कुणाल की पत्नी कंचन देवी और उनकी 17 वर्षीय बेटी सोनम कुमारी को गोली मार दी। उसने मौके पर मौजूद अपने भतीजे शिवम को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन गोली उसे नहीं लगी और वह बच निकला। शिवम ने कहा कि विकास ने 2012 में ज़मीन के झगड़े में गोली मार दी थी। उसने कहा, उसे शक था कि कुणाल उसकी संपत्ति ले सकता है, इसलिए उसने मेरे पिता, मां और मेरी बहन को मार डाला। विकास पटना की बेउर जेल में बंद है। कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सज़ा सुनाई। संतोष झा- १३ फरवरी/२०२६/ईएमएस