राज्य
14-Feb-2026


रेल प्रशासन ने यात्री सुविधाओं के मददेनजर लिया यह फैसला भोपाल (ईएमएस)। रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधाओं के मददेनजर एक महत्वपू्रण फैसला लिया है। यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए अब कुछ ट्रेनों में एलएचबी कोच लगाने का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गाड़ी संख्या 22163/22164 भोपाल-खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस और 22187/22188 रानी कमलापति-आधारताल-रानी कमलापति एक्सप्रेस के पारंपरिक आईसीएफ कोच अब हटाए जा रहे हैं। इन ट्रेनों को आधुनिक एलएचबी कोचों से संचालित किया जाएगा। भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस 15 फरवरी 2026 से दोनों दिशाओं में एलएचबी रैक के साथ चलेगी, जबकि रानी कमलापति-आधारताल एक्सप्रेस 16 फरवरी 2026 से नए कोचों के साथ पटरी पर उतरेगी। दोनों ट्रेनों में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसी चेयरकार, 2 थर्ड एसी, 9 द्वितीय श्रेणी, 6 सामान्य श्रेणी, 1 एसएलआरडी और 1 जनरेटर कार शामिल होंगी। पश्चिम मध्य रेलवे का यह निर्णय क्षेत्र के यात्रियों के लिए सुविधाजनक और सुरक्षित सफर की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से लैस होते हैं। ये अधिक सुरक्षित, आरामदायक और उच्च गति के अनुकूल माने जाते हैं। दुर्घटना की स्थिति में इनके पटरी से उतरने की संभावना कम होती है और झटके भी कम लगते हैं। सुदामा नरवरे/14 फरवरी 2026