गरियाबंद(ईएमएस)। जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अमृत साहू के अनुसार घटना श्यामनगर-देवरी मार्ग के पास की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 2-3 दिनों से क्षेत्र में बदबू आ रही थी। सुबह कुछ ग्रामीणों ने स्रोत तलाशने के दौरान नहर किनारे झाड़ियों के पास शव देखा। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में हुई, जो 30 जनवरी से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बिना कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों और युवती के कॉल डिटेल्स सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और सत्य जल्द सामने लाया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 फरवरी 2026