- विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए सृजनात्मकता और तनावमुक्त कल्याण को बढ़ावा देने हेतु प्रयास भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल अपने हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान से जुड़े लोगों के समग्र स्वास्थ्य और सृजनात्मक विकास को प्रोत्साहित कर रहा है। इसी क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर द्वारा संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों के लिए पेपर माचे कला(इसमे पुराने अखबारों, गोंद और पानी के मिश्रण का उपयोग करके मूर्तियां, मुखौटे, और सजावटी वस्तुएं बनाई जाती हैं) कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 16 से 18 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभागियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना, नई कलात्मक तकनीक सिखाना तथा उन्हें तनावमुक्त और सकारात्मक अनुभव प्रदान करना है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को पेपर माचे कला की बारीकियों से परिचित कराया जाएगा और उन्हें अपनी सृजनात्मकता को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। संस्थान के इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की गई है कि वे इसमें शामिल होकर इस रचनात्मक और आनंददायक अनुभव का लाभ उठाएं। हरि प्रसाद पाल / 14 फरवरी, 2026