राज्य
14-Feb-2026
...


:: कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न; अफवाह फैलाने वालों और मिलावटखोरों पर होगी पैनी नजर :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप आगामी सभी त्योहार आपसी सद्भाव, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हर हाल में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखी जाएगी। यह निर्णय आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई शांति समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित सिंह, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एसपी ग्रामीण यांगचैन भूटिया और एडीएम रोशन राय सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। :: प्रशासनिक सतर्कता और निगरानी :: कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात किया जाए। यातायात सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण होगा। नगर निगम को सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग हेतु निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। :: त्योहारों के लिए विशेष प्रबंध :: - महाशिवरात्रि (15 फरवरी) : शिवालयों एवं मंदिरों में भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। - होली एवं रंगपंचमी : संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर होलिका दहन और रासायनिक रंगों के बजाय प्राकृतिक रंगों के उपयोग की अपील की गई है। प्राकृतिक रंगों के विक्रय की व्यवस्था वन विभाग करेगा। - रमज़ान : मस्जिदों और बाजार क्षेत्रों में सफाई, पेयजल और सुचारू यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। :: मिलावटखोरी पर जीरो टॉलरेंस :: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। त्योहारों पर खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण फूड सेफ्टी टीम को सक्रिय कर दिया गया है। मिलावट की सूचना देने के लिए प्रशासन ने टोल फ्री नंबर 0731-181 और 0755-2840621 जारी किए हैं। :: सामुदायिक सहयोग का संकल्प :: बैठक में उपस्थित सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि जमीनी स्तर पर समन्वय बना रहे। कलेक्टर ने अंत में आह्वान किया कि नागरिक किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और मिल-जुलकर त्योहार मनाएं। प्रकाश/14 फरवरी 2025