रायपुर(ईएमएस)। राजधानी में गर्मियों की शुरुआत भी ठीक से नहीं हुई थी कि पेयजल संकट सामने आ गया है। लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्षेत्र के शिव मंदिर के आसपास गली नंबर 1 से 5 तक करीब 450 घरों में अमृत मिशन का पानी नियमित रूप से नहीं पहुँच पा रहा है। इस समस्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और जल बोर्ड के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जमीनी हकीकत से अवगत कराया। आकाश तिवारी ने बताया कि अहिल्याबाई होलकर चौक से बिछाई गई 4 इंची पाइपलाइन के माध्यम से यादवपारा, धोबीपारा और अर्जुन चौक सहित लगभग 900 घरों को पानी की सप्लाई की जा रही है। एक ही लाइन पर अधिक कनेक्शन होने के कारण पानी का फोर्स कमजोर हो गया है, जिससे शिव मंदिर क्षेत्र की गलियों में पर्याप्त पानी नहीं पहुँच पा रहा। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को ही उन्होंने जल बोर्ड को स्पष्ट किया था कि केवल वाल्व लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके बावजूद जल बोर्ड ने 3 से 5 लाख रुपए खर्च कर 10, 8 और 6 इंच के तीन वाल्व लगाए, लेकिन 20 दिन बाद भी हालात जस के तस हैं आकाश तिवारी का सुझाव है कि पुरानी 4 इंची पाइपलाइन को अर्जुन चौक तक सीमित किया जाए और अहिल्याबाई होलकर चौक से शिव मंदिर की गलियों 1 से 5 तक नई 4 इंची पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि प्रभावित घरों में नियमित पानी पहुँच सके। उन्होंने जल बोर्ड पर स्थायी समाधान में देरी करने का सवाल उठाया और कहा कि उनका उद्देश्य केवल यह है कि वार्ड के नागरिकों को उनके मूलभूत जल अधिकार से वंचित न होना पड़े। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि राजधानी के एक वार्ड में यह स्थिति है, तो अन्य 69 वार्डों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। उनका आरोप है कि महापौर और नगर परिषद केवल बैठकें कर औपचारिकता निभा रहे हैं, जबकि वास्तविक समाधान में देरी हो रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026