क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले की मालगांव ग्राम पंचायत के आश्रित गांव बरकई में स्थित भीमाशंकर महादेव मंदिर के पास लगी सौर ऊर्जा संचालित स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके कारण क्षेत्र में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है और ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के आसपास पर्याप्त रोशनी न होने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। अंधेरे का फायदा उठाकर कई बार जंगली भालू मंदिर परिसर में पहुंच जाते हैं और चढ़ाए गए नारियल व पूजा सामग्री को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे संभावित हादसे का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित विभाग के कर्मचारियों को फोन के माध्यम से कई बार समस्या से अवगत कराने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट सुधारने की मांग की है, ताकि मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 फरवरी 2026