क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले की बरहेली ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम ईरागांव के ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। ग्रामीणों ने शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर विकास कार्यों की स्वीकृति की मांग की। प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बेहतर जीवन स्तर के लिए आधारभूत ढांचा विकसित करने की जरूरत बताई। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चैनुराम शिवाना ने कहा कि ईरागांव अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गांव में टीना शेड, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सीसी सड़क निर्माण जैसी जरूरतें लंबे समय से लंबित हैं। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष सुकचंद मंडावी ने बताया कि सड़क और पानी की मांग कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई ग्रामीण और स्थानीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 फरवरी 2026