नई दिल्ली (ईएमएस)। बवाना में पुलिस और वॉन्टेड बदमाश के बीच हाफ एनकाउंटर हुआ। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में 14 फरवरी की देर रात को सड़कों पर गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। ये आवाज, बवाना इलाके में पुलिस और एक वॉन्टेड क्रिमिनल के बीच जारी एनकाउंटर की थी। हाफ एनकाउंटर में पीएस बवाना की स्पेशल टीम ने इनपुट के आधार पर कार्रवाई की और फायरिंग के बाद आरोपी को पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी। देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वॉन्टेड बदमाश बवाना इलाके में आने वाला है। इनपुट मिलते ही पीएस बवाना की स्पेशल टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। संदिग्ध की मूवमेंट पर नजर रखी गई और तय स्थान पर टीम ने उसे रोकने की कोशिश की गई। जब पुलिस टीम ने सस्पेक्ट को रुकने का इशारा किया और खुद को पुलिस बताया, तो आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन टीम ने मोर्चा संभाले रखा। आरोपी की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने सेल्फ-डिफेंस में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कुछ समय तक गोलियां चलीं। पुलिस ने सावधानी बरतते हुए आरोपी को घेर लिया ताकि उसे भागने का मौका न मिले और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुठभेड़ के दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल होते ही उसकी रफ्तार धीमी पड़ी और पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/फरवरी/2026