- बेलगाम रफ्तार ने एक और परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में मथुरा रोड फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्र मानव की मौत हो गई। वह जन्मदिन मनाने जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। राजधानी दिल्ली की बेलगाम रफ्तार ने एक और परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गुरुवार (12 फरवरी) देर रात मथुरा रोड स्थित मोदी मिल फ्लाईओवर पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्र मानव की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए घर से निकला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इस हादसे में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना रात 12 से 1 बजे के बीच की है। मानव (19) और उसका दोस्त मोहम्मद साद (21) स्कूटी पर सवार होकर जन्मदिन सेलिब्रेट करने जा रहे थे। तभी मोदी मिल फ्लाईओवर पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मानव को मृत घोषित कर दिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/फरवरी/2026