- आरोपियो में एक नाबालिग भी शामिल - 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालकर पुलिस ने दबोचा भोपाल(ईएमएस)। राजधानकी की हबीबगंज थाना पुलिस ने बीते दिनो मोबाइल झपटमारी करने वाले स्कॉर्पियो सवार आरोपियो को आखिरकार दबोच लिया है। बदमाशो का सुराग जुटाने के लिये पुलिस ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगालते हुए शाहपुरा रेलवे कॉलोनी में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। आरोपियो में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गये डेढ़ लाख कीमत के 2 मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी जप्त की है। थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की शिवनगर फेस 2 नीलवढ़ रातीबढ़ निवासी फरियादी पियूष मालवीय पिता महेन्द्र मालवीय (23) ने शिकायत करते हुए बताया वह किराए पर टैक्सी चलाता है। बीती 6 फरवरी को शनिवार-रविवार की रात करीब साढ़े बारह बजे वह हबीबगंज स्थित दानापानी रोड ईश्वर नगर के पास सवारी छोड़ने गया था। वापस लौटते समय दानापानी रोड पर एक स्कार्पियो में सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और ओवरटेक की बात को लेकर विवाद करने लगे। उनके बीच विवाद चल रहा था, तभी स्कार्पियो चालक के साथी ने पीयूष के हाथ से उसके दो मोबाइल फोन छीन लिए। उसके बाद दोनों युवक स्कार्पियो में बैठकर वहां से भाग गये। बाद में उसने थाने जाकर मामला दर्ज कराया। अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मामला कायम कर पुलिस टीमो ने घटनास्थल के आने जाने वाले रास्तो पर लगे करीब सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगालकर आरोपियो का सुराग जुटाया। सुरागो के आधार पर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की फुटेज में नजर आ रही स्कार्पियो शाहपुरा रेल्वे कालोनी के पास खड़ी है। पुलिस ने फौरन ही घेराबंदी करते हुए एक नाबालिग सहित दोनों आरोपियो को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होनें बताया की वह दोनों घूमने के लिए निकले थे, इसी दौरान जल्दी पैसे कमाने की लालच में ओला कार से जा रहे व्यक्ति से 2 मोबाईल फोन झपट लिये थे। नाबालिग के साथी आरोपी की पहचान अर्जुन कुमार शर्मा पिता पवन कुमार शर्मा (25) निवासी शिवाय कुंज रेल्वे कालोनी शाहपुरा के रुप में हुई है। वहीं किशोर आरोपी भी वहीं का रहने वाला है। पुलिस आरोपियो से आगे की पूछताछ कर रही है। जुनेद / 15 फरवरी