- धूप में सोता समझ पास पहुँचे थे खिलाड़ी गुना (ईएमएस) । शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ग्राउंड में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राउंड की सीढिय़ों पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। काफी देर तक शव वहीं पड़ा रहा, लेकिन राहगीर और वहां मौजूद लोग उसे सोता हुआ समझकर नजरअंदाज करते रहे। खिलाडिय़ों ने दी सूचना जानकारी के अनुसार, रविवार की छुट्टी होने के कारण सुबह बड़ी संख्या में युवा रेलवे ग्राउंड पर क्रिकेट खेलने पहुँचे थे। युवाओं ने देखा कि एक व्यक्ति सीढि़य़ों पर लेटा हुआ है। शुरुआत में उन्हें लगा कि कोई व्यक्ति तेज धूप के कारण वहां विश्राम कर रहा है या सो रहा है। लेकिन जब घंटों बीत जाने के बाद भी उस व्यक्ति के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो युवाओं को संदेह हुआ। उन्होंने पास जाकर उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन व्यक्ति का शरीर बेजान देख उनके होश उड़ गए। पुलिस जांच में जुटी युवाओं ने तत्काल इसकी जानकारी डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुँचाया। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और न ही उसकी उम्र या मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाया है। फिलहाल, सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मर्चुरी में रखवा दिया है और आसपास के थानों के सहयोग से मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। -सीताराम नाटानी