क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


लोकायुक्त ने की कार्यवाही, रंगे हाथों दबोचा जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर लोकायुक्त के दल ने मंगलवार को नगर निगम के रांझी जोन कार्यालय में पदस्थ टैक्स कलेक्टर (टीसी) को एक कर दाता से टैक्स रसीद में उसकी जगह उसकी पत्नी का नाम दर्ज करने के एवज में तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से पूरे नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को रांझी बड़ा पत्थर, मानेगांव निवासी दीपक कुशवाहा पिता ने लिखित शिकायत देते हुए बताया था कि उसकी पत्नी के नाम नजूल का मकान है, जिसकी टेक्स रसीद में पुराने टेक्स धारक की जगह अपनी पत्नी का नाम चढ़वाने के एवज में नगर निगम जोन क्रमांक -10 रांझी में पदस्थ टीसी चन्द्रभान नोनिया द्वारा 5 हजार रुपये की मांग की जा रही है। दीपक की शिकायत के सत्यापन के बाद आज मंगलवार 17 फरवरी को आरोपी टीसी चंद्रभान को 3हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है। लोकायुक्त दल में निरीक्षक उमा कुशवाह,निरीक्षक जितेन्द्र यादव,उप निरीक्षक शिशिर पांडेय एवम् अन्य शामिल रहे। .../ 17 फरवरी /2026