ग्वालियर ( ईएमएस ) शहर के पुरानी छावनी थाना स्थित लोहार मोहल्ला में चोर एक मकान से लाखों का माल चोरी कर ले गए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है| जानकारी के अनुसार लोहार मोहल्ला निवासी बसंता माहौर एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। घर में पत्नी 52 वर्षीय प्रेम बाई व अन्य परिजन रहते हैं। प्रेम बाई घर पर अकेली थीं। पड़ोस में किराए पर रहने वाला सतेन्द्र शाक्य की हाल ही में शादी हुई है। वह अपनी नई बहू को पहली बार विदा कराकर घर लाया था। जिस कारण उसके घर पर बहू की मुंह दिखाई व संगीत का कार्यक्रम में था। पड़ोसी की बहू की मुंह दिखाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेम बाई अपने घर पर कुंडी लगाकर दोपहर 2 बजे चली गई थीं। सामने से उनको अपना घर दिख रहा था, इसलिए कोई चिंता की बात नहीं थी। दोपहर 2:30 बजे वह घर पहुंची तो देखा कि कुंडी खुली पड़ी थी। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और घर में चोरी हो चुकी थी। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।