क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


शिवपुरी ( ईएमएस ) जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय इमरत जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे रूपेश जाटव ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बदरवास पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर इमरत जाटव अपनी पत्नी कृष्णा जाटव और बेटे रूपेश के साथ बाइक से बदरवास से वापस गांव बिजरोनी जा रहे थे। बदरवास बायपास पर सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में 45 वर्षीय इमरत जाटव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। हादसे में 16 वर्षीय रूपेश जाटव गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मंगलवार को ही रूपेश का पोस्टमार्टम कराया गया।