- 63 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा राजगढ़, ईएमएस l मंगलवार को नगर में 10वीं बोर्ड परीक्षा अंग्रेजी विषय के साथ शुरू हुई। पहले दिन जिले के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और अनुशासन देखने को मिला। कई केंद्रों पर छात्रों को जूते-मोजे उतरवाकर ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया, जिसका उद्देश्य नकल की संभावनाओं को रोकना था। जिले के कुल 63 परीक्षा केंद्रों पर 19,900 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इनमें से 19,540 छात्र उपस्थित रहे, जबकि 360 अनुपस्थित दर्ज किए गए। सुबह 9 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए गए और दोपहर 12 बजे तक तीन घंटे की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की कोई सूचना नहीं मिली। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। विद्यार्थियों को गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। संवेदनशील और अति संवेदनशील घोषित केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, वहीं कुछ स्थानों पर जैमर भी लगाए गए थे, जिससे परीक्षा के दौरान मोबाइल नेटवर्क बाधित रहा। - उड़नदस्तों ने लगातार निरीक्षण किया ब्लॉक और जिला स्तर पर गठित उड़नदस्तों ने लगातार केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी औचक दौरे कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ देखी गई, जबकि छात्र-छात्राओं के चेहरों पर परीक्षा खत्म होने की राहत साफ झलक रही थी। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहने पर शिक्षा विभाग ने संतोष व्यक्त किया है। संकेत मिले कि आगामी विषयों की परीक्षाओं में भी इसी तरह की सख्ती और निगरानी जारी रहेगी, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। -निखिल/राजगढ़/17/2/2026