क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | शासन के निर्देशानुसार दस्तक अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ मंगलवार को जिला चिकित्सालय, मुरैना में किया गया। यह अभियान कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार संचालित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय स्थित टीकाकरण केंद्र पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गोयल द्वारा बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। दस्तक अभियान का द्वितीय चरण 17 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक संचालित रहेगा। अभियान के अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाई जाएगी। साथ ही एनीमिक बच्चों की पहचान कर उनकी जांच, उपचार, प्रबंधन एवं फॉलो-अप किया जाएगा। कुपोषित एवं गंभीर एनीमिक बच्चों को आवश्यकता अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र के लिए रेफर किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों में दस्त, निमोनिया, कुपोषण एवं एनीमिया की जांच, उपचार एवं प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री एस.पी. श्रीवास्तव, मीडिया अधिकारी श्रीमती बंसती बाजौरिया, डिप्टी मीडिया अधिकारी श्रीमती शिवकुमारी निम, एपीएम अशोक भगौरिया, जिला अस्पताल प्रबंधक रविन्द्र प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।