मुरैना ( ईएमएस ) शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के अंतर्गत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय, मुरैना में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कुल 222 आवेदकों की विभिन्न प्रकार की समस्याएँ सुनी गईं। इनमें किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, आवास, राशन तथा पुलिस संबंधी आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे। सीईओ जिला पंचायत ने प्राप्त आवेदनों के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।