मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मंगलवार, 17 फरवरी को हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार जिले में कुल 76 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष तथा कलेक्टर प्रतिनिधियों की नियुक्ति के साथ-साथ अलग-अलग उड़नदस्तों का गठन भी किया गया है। मंगलवार को परीक्षा के दौरान ये उड़नदस्ते लगातार विभिन्न केंद्रों का भ्रमण करते हुए निगरानी करते पाए गए। इसी क्रम में शासकीय आईटीआई नूराबाद स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संचालित होती हुई पाई गई।