क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार डंपर ने एक निर्दोष की जान ले ली। वसंत कुंज इलाके में सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर मिक्सर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी डंपर मिक्सर का ड्राइवर गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान महरौली निवासी राजीव (27) के रूप में हुई है। वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सुबह 11:44 बजे पीसीआर कॉल के जरिए वसंत कुंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि चर्च रोड स्थित बंदर फार्म के आगे एक बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बाइक क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी हुई है। पास में ही एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि राजीव महरौली इलाके के रहने वाले थे और रैपीडो में बाइक चलाते थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/फरवरी/2026