- 1.75 लाख बच्चों को मिलेगा सुरक्षा कवच राजगढ़, ईएमएस l जिले में बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन और कुपोषण से मुक्ति की दिशा में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा दस्तक अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने नन्हें बच्चों को अपने हाथों से विटामिन ए की खुराक पिलाकर की। इस महाअभियान के तहत जिले के करीब 1 लाख 75 हजार से अधिक बच्चों को स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शत-प्रतिशत बच्चों तक इसका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा, प्रत्येक गांव और वार्ड में तैयार की गई ड्यू लिस्ट के अनुसार बच्चों का चिन्हांकन किया जाए। विशेष रूप से एनीमिक खून की कमी वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें तत्काल उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने बताया कि यह अभियान 17 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली हैं और बच्चों के रिकॉर्ड का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। मैदानी अमले में तैनात आशा कार्यकर्ता, एएनएम और सीएचओ को प्रिंटेड सूचियां सौंपी गई हैं। डॉ. पटेल ने स्पष्ट किया कि यदि अभियान के दौरान बाहर से आए बच्चे भी मिलते हैं, तो उन्हें भी इसमें शामिल कर स्वास्थ्य लाभ दिया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया ने अभियान की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि 6 माह से 5 साल तक के बच्चों की एनीमिया जांच और उपचार किया जाएगा, वहीं 9 माह से 5 साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। डॉ. भकोरिया ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की आशंका है। गर्मी के मौसम में बच्चों में डायरिया, फोड़े-फुंसी, अल्सर और रतौंधी जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में विटामिन ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर उन्हें इन बीमारियों से बचाने में मदद करेगा। -निखिल /राजगढ़/17/2/2026