नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में यातायात पुलिसकर्मियों को फर्जी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया और इस सिलसिले में कथित महिला सरगना समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली में यातायात पुलिसकर्मियों को फर्जी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया और इस सिलसिले में कथित महिला सरगना समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी को दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। एक अधिकारी ने कहा शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया पर उनका आपत्तिजनक और फर्जी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे 1.2 लाख रुपये की उगाही की गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम ने 10 फरवरी को हरियाणा के समालखा निवासी 32 वर्षीय महिला, जिसे गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, को उसके सहयोगियों सचिन (35) और आमिर चौधरी के साथ गिरफ्तार किया। दोनों क्रमश: हरियाणा और दिल्ली के रहने वाले हैं। अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि यह महिला पहले अशोक कुमार नामक व्यक्ति द्वारा संचालित एक गिरोह से जुड़ी थी, जो इस तरह के अपराध को अंजाम देता था। दिसंबर 2025 में अशोक की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद महिला ने इस तरह के आपराधिक गतिविधि को अपना अलग गिरोह बनाकर स्वतंत्र रूप से अंजाम देना शुरू किया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/फरवरी/2026