क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


- दादा का चश्मा बनवाकर लौट रहे पोते सहित तीन घायल एक की रीढ़ की हड्डी टूटी तो दूसरे को पैर में फ्रेक्चर गुना (ईएमएस)। जिला मुख्यालय के समीप हिलगना रोड और बिलोनिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस सडक़ हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। दादा का ऑपरेशन कराकर लौट रहा था परिवार घायल शानू यादव (20) ने बताया कि वह अपने दादा रामदयाल यादव (55) और गंगाराम यादव (55) के साथ गुना से अपने गांव पुरेना थाना राघौगढ़ जा रहा था। शानू के दादा का हाल ही में आंखों का ऑपरेशन हुआ था, वह गुना से उनका चश्मा बनवाकर लौट रहे थे। जब वे एबी रोड पर बिलोनिया के समीप अपनी साइड से चल रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 4423 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक कट मार दिया। रीढ़ की हड्डी और पैर में गंभीर फ्रैक्चर शानू ने बताया कि ट्रक ने बिना किसी हॉर्न या संकेत के गाड़ी मोड़ दी, जिससे उनकी बाइक टकराकर सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में रामदयाल यादव की रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर आया है, जबकि गंगाराम यादव का पैर बुरी तरह टूट गया है। शानू को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी