क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


- इस हत्याकांड को लेकर पूरे प्रदेश में वकीलों ने किया था प्रदर्शन - जमीन का केस लड़ने के कारण उतारा था वकील को मौत के घाट शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी जिले के करैरा में बीते14 फरवरी को अधिवक्ता संजय सक्सेना की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या के मामले में करैरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मास्टरमाइंड और 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी को झांसी उप्र से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली गई है। गौरतलब है इस हत्याकांड के बाद वकीलों में आक्रोश था और पूरे प्रदेश में वकीलों ने प्रदर्शन कर इस हत्याकांड को लेकर नाराजगी जाहिर की थी और कामकाज भी बंद रखा था। झांसी से दबोचा गया मास्टरमाइंड- मंगलवार को एक पत्रकारवार्ता में करैरा के एसडीओपी डॉ आयुष जाखड़ (आईपीएस) ने बताया कि करैरा पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड का मास्टरमाइंड सचिन रावत झांसी में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और झांसी पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसडीओपी ने बताया कि बताया कि इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यायालय जाते वक्त हुई थी हत्या- 14 फरवरी को एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह अपने घर से बाइक से पहाड़ी मार्ग होते हुए न्यायालय जा रहे थे। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस वारदात के मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 6 विशेष टीमों का गठन कर एसपी अमन सिंह राठौड़ ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़े गए थे आरोपी- 15 फरवरी की सुबह आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई इस शॉर्ट एनकाउंटर में तीन हत्या आरोपियों को दबोच लिया गया, जिनमें से एक आरोपी के पैर में गोली लगी इसके अलावा इस हत्याकांड में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने शिवपुरी में प्रेस वार्ता कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस ने इस मामले में बताया था कि जमीन का केस लड़ने के कारण आरोपियों ने सुपारी देकर एडवोकेट को मौत के घाट उतारवा दिया। हालांकि, वारदात का मास्टरमाइंड फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस द्वारा 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। रंजीत गुप्ता, 17 फरवरी, 2026