मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई से सटे वसई इलाके में सोमवार आधी रात को गुस्से में आकर 15 साल के लड़के ने अपनी बुआ की हत्या कर दी। 60 साल की महिला की हत्या की खबर मिलते ही माणिकपुर पुलिस ने सिर्फ दो घंटे में जांच पूरी कर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार दुर्गा संजय बंसोड़े बऱ्हाणपूर के उमेलमान गांव में ‘भीमई’ नाम के बंगले में अकेली रहती थीं। उनका बेटा वालिव में रहता है, और सोमवार को पूरे दिन अपनी मां से संपर्क न होने पर उसे अपनी मां की चिंता हुई, इसलिए वह रात में अपनी मां से मिलने घर आया और घर के हॉल में खून के धब्बे देखे। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तभी उन्हें बेडरूम में महिला की लाश मिली। बेडरूम में बिस्तर पर गद्दा हटा हुआ था और कमरे के दरवाजे पर बाहर से एक पेचकस लगा हुआ देखा गया। इसके आधार पर, पुलिस को शक था कि यह अपराध पहले से प्लान किया गया होगा। पुलिस को शक था कि किसी वजह से मृतक महिला के चिल्लाने से गुस्साए आरोपी ने यह हमला किया। आख़िरकार पुलिस ने आरोपी लड़का को पकड़ा जो महिला के भाई का बेटा है और उसके घर के पास ही रहता था। पारिवारिक झगड़े की वजह से उसने अपने 16 साल के दोस्त के साथ मिलकर अपनी बुआ की हत्या कर दी। बहरहाल इस चौंकाने वाली घटना से वसई इलाके में सनसनी मची हुई है और नाबालिगों द्वारा किया गया यह जुर्म कई सवाल खड़े कर रहा है। स्वेता/संतोष झा- १७ फरवरी/२०२६/ईएमएस