राष्ट्रीय
17-Feb-2026


अंबाला (ईएमएस)। एसटीएफ अंबाला और एसटीएफ हरियाणा को बड़ी सफलता मिली है। जम्मू-कश्मीर के आर.एस. पुरा क्षेत्र स्थित जुवेनाइल होम से फायरिंग कर फरार हुए दो आतंकियों को एसटीएफ हरियाणा ने अंबाला रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया है। आर.एस. पुरा जुवेनाइल होम से कुल तीन आतंकी फरार हुए थे। इनमें दो पाकिस्तानी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल था। एसटीएफ अंबाला ने दोनों पाकिस्तानी आतंकियों को स्टेशन परिसर से दबोचकर जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान मोहम्मद सनाउल्लाह (20 वर्ष) और अहसान अनवर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पाकिस्तान के रहने वाले हैं। इनमें से एक 2019 से और दूसरा 2021 से जुवेनाइल होम में बंद था। तीसरा फरार आरोपी भारतीय नागरिक करमजीत उर्फ गुग्गा है, जिसे इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसी ने जेल से फरारी की योजना बनाई थी और दोनों आतंकियों को उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल सीमा के जरिए देश से बाहर भेजने की तैयारी कर रहा था। जम्मू-कश्मीर पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की जांच करेगी। सुरक्षा एजेंसियां करमजीत उर्फ गुग्गा की तलाश में दबिश दे रही हैं। सुबोध/१७-०२-२०२६