कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग को ‘तुगलकी आयोग’ करार दिया है। साथ ही उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी हमला बोला है। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा है कि इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया को एक राजनीतिक दल चला रहा है। पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय नबान्न में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेस्ट बंगाल की चीफ मिनिस्टर ममता बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आईटी सेल की महिला पदाधिकारी ने एआई का इस्तेमाल करके बंगाल में 58 लाख मतदाताओं के नाम हटवाये। ममता बनर्जी ने कहा कि इलेक्शन कमीशन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमीशन मतदाताओं को निशाना बना रहा है और लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है। टीएमसी चीफ ने कहा है कि बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया की वजह से डरकर और काम के दबाव की वजह से 160 लोगों की जान चली गयी। टीएमसी चीफ ने आरोप लगाया है कि भाजपा के निर्देश पर निर्वाचन आयोग ने एसआईआर के दौरान बंगाल के मतदाताओं के नाम हटाये। उन्होंने कहा कि अगर निर्वाचन आयोग बंगाल सरकार के अधिकारियों को दंडित करता है, तो वह शत-प्रतिशत उनकी रक्षा करेंगी। कहा कि चुनाव आयोग ने जिन अधिकारियों को डिमोट किया है, उन सभी अफसरों को बंगाल सरकार प्रोमोशन देगी। सुबोध/१७-०२-२०२६