राज्य
18-Feb-2026


झांसी (ईएमएस) आवास विकास द्वारा योजना संख्या 4 के लिए भूमि अधिग्रहण के मामले में किसानों का गुस्सा और विरोध अब चरम पर है उन्होंने आवास विकास का विरोध उसकी प्रतीकात्मक अर्थी फूँक कर किया। पिछले कुछ महीनो से पिछोर, कोछाभंवर, टाकोरी, मुस्तरा के व्यापारी एवं किसान लाम बंद है की आवास विकास अपनी योजना संख्या चार के लिए जबरदस्ती उनकी भूमिका अधिग्रहण करना चाहता है।जबकि यह क्षेत्र पहले से ही काफी विकसित हो चुका है। आवास विकास के जबरदस्ती भूमि अधिग्रहण के विरोध में यहां के व्यापारी एवं किसानों ने आवास विकास की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर अपना विरोध दर्ज किया। दिनों दिन इन किसानों और व्यापारियों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियो ने बताया कि आवास विकास परिषद की नियोजन समिति की बैठक पिछले दिनों तीन दिनों तक चली थी, इसमें जमीन स्वामियों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थी और एक स्वर में अपनी भूमि देने से इनकार भी कर दिया था। इस समिति ने अपने फैसले की जानकारी देने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई। इसी टालमटोल रवैया से नाराज होकर जमीन स्वामियों ने सड़क पर उतरने का फैसला किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विकसित क्षेत्र को उजाड़ना अन्यायपूर्ण है। इनका तर्क है कि जिस जमीन को अधिग्रहीत करने की कोशिश की जा रही है वहां पहले से ही मेडिकल कॉलेज और पैरामेडिकल कॉलेज स्थित है। कई बड़ी कालोनियां, शोरूम, अस्पताल और व्यापारिक प्रतिष्ठान काफी दिनों से सफलतापूर्वक चल रहे हैं। क्षेत्र का कुछ हिस्सा पहले से ही झांसी विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अंतर्गत आता है। इन लोगों का कहना है कि एक बसेबसाये और विकसित क्षेत्र के लोगों की आजीविका छीनकर उन्हें विस्थापित करना पूरी तरह से गलत है।आवास विकास की प्रतीकात्मक अर्थी निकाल कर उसका दहन किया जाना इस बात का संकेत है कि जनता में असंतोष काफी तेजी से पनप रहा है।और वह प्रशासन की नीतियों से बेहद परेशान एवं क्षुब्ध है। इस प्रदर्शन में शामिल मुस्तरा प्रधान रघुनाथ यादव, रानू टाकोरी, संजीव यादव आदि सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं काश्तकार उपस्थित रहे। शरद शिवहरे /ईएमएस /18 फरवरी