क्षेत्रीय
19-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। गौशाला मार्ग स्थित हरि सत्संग भवन में श्री सिद्ध गोपाल सेवा ट्रस्ट समिति के महिला मंडल द्वारा भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। पूरे परिसर को फूलों, रंगों और भक्ति गीतों से सुसज्जित किया गया, जिससे वातावरण राधा-कृष्ण के रंग में सराबोर हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत आरती एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद महिला मंडल की सदस्यों ने पारंपरिक होली गीतों पर संकीर्तन प्रस्तुत किया। भक्ति संगीत और गुलाल की छटा से पूरा सत्संग भवन उत्साह और उल्लास से भर गया। उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामूहिक नृत्य कर आनंद साझा किया। महोत्सव में सुनीता अग्रवाल, मंजू शर्मा, रेखा गुप्ता, अलका अग्रवाल, निर्मल चतुर्वेदी, जागृति वार्ष्णेय, दीपमाला अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, जाह्नवी भौतिका सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने समाज में प्रेम, सद्भाव व भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। ईएमएस / 19/02/2026