छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में कक्षा दूसरी से कक्षा 8वीं तक के विषयवार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 32 विद्यार्थियों, उनके मार्गदर्शी शिक्षकों एवं पालकों का सम्मान समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर हरेंद्र नारायन मौजूद रहे जिन्होंने विद्यार्थी को ट्रैक सूट, केप, मिल्टन वॉटर बाटल, मिल्टन टिफिन बॉक्स, स्कूल बैग, ज्योमेट्री बॉक्स, प्रशस्ति पत्र, मेडल तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही मार्गदर्शी शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल, जिला परियोजना समन्वयक जगदीश कुमार इड़पाचे, डाईट प्राचार्य एमके पांडवा मौजूद रहे। कौशल ज्ञान भी आवश्यक : कलेक्टर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पालकों को बच्चों को खेलकूद के साथ ही अन्य पत्र-पत्रिकाएं एवं प्रेरक कहानी की किताबें पढऩे के लिये प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल प्रथम स्थान प्राप्त करना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि कौशल आधारित ज्ञान अर्जन भी आवश्यक है। शिक्षकों को प्रेरित करते हुए उन्होंने अंग्रेजी विषय के राज्य स्तरीय ओलंपियाड के लिये व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में जिला शिक्षा केन्द्र के अकादमिक समन्वयक संकेत जैन द्वारा ओलंपियाड का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर एपीसी भानू कुमार गुमास्ता, गजेन्द्र सिंह ठाकुर, मुकेश श्रीवास्तव, अनुराधा श्रीवास्तव एवं बीआरसी अजय केकतपुरे विनोद वर्मा, दिनेश डिगरसे, राजकुमार सूर्यवंशी, अराधना श्रीवास्तव, आर.एन. पाल, पूजा श्रीवास्तव, अमित वर्मा, ऋषि जंघेला, आनंद सोनी सहित जिला शिक्षा केन्द्र एवं जनपद शिक्षा केन्द्र का समस्त स्टाफ उपस्थित था। ईएमएस/मोहने/ 19 फरवरी 2026