हाथरस (ईएमएस)। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम अखईपुर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 2 फरवरी 2026 को संजय उर्फ सन्जू पर गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी, सरिया और तमंचे से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल संजय को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ताजा कार्रवाई में 19 फरवरी 2026 को नामजद आरोपी शिवम उर्फ शिब्बू और गोविन्द को पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सरिया बरामद किए गए हैं, जिन्हें आलाकत्ल के रूप में कब्जे में लिया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। ईएमएस / 19/02/2026