राज्य
19-Feb-2026
...


:: 90% स्मार्ट मीटर और 82% कैशलेस भुगतान के साथ मांगलिया बना आदर्श बिजली जोन; शिकायतों के त्वरित निवारण के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देशानुसार, इंदौर शहर में बिजली आपूर्ति सुधार और राजस्व संग्रहण के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्य अभियंता आर.सी. जैन ने शहर के नवनिर्मित 31वें बिजली जोन मांगलिया अर्बन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह गौरवपूर्ण तथ्य सामने आया कि मांगलिया अर्बन जोन तकनीकी रूप से काफी उन्नत है। यहाँ 90 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, साथ ही 82 प्रतिशत उपभोक्ता अपने बिजली बिलों का भुगतान कैशलेस (डिजिटल) माध्यम से कर रहे हैं। मुख्य अभियंता ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे अन्य जोनों के लिए उदाहरण बताया। मुख्य अभियंता जैन ने जोन प्रभारी पी.के. मिश्रा से उपभोक्ता सेवाओं, स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की संतुष्टि और राजस्व संग्रहण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली संबंधी शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। गौरतलब है कि इंदौर शहर में आपूर्ति सुधार और समय पर राजस्व जुटाने के लिए प्रबंध निदेशक के नेतृत्व में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मांगलिया जोन के निरीक्षण के दौरान जोन प्रभारी श्री मिश्रा एवं अन्य कार्मिकों ने मुख्य अभियंता का स्वागत किया और सुचारू विद्युत व्यवस्था का भरोसा दिलाया। प्रकाश/19 फरवरी 2026