राज्य
19-Feb-2026


:: 1.40 लाख की एमडी ड्रग्स कांड में फरार था आरोपी; कासिम और रिजवान से मिले सुराग के बाद पुलिस ने दबोचा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर को नशामुक्त करने के संकल्प के साथ पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा नशीले पदार्थों के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में क्राइम ब्रांच को एक और सफलता मिली है। 1.40 लाख रुपये मूल्य की अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) की तस्करी के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी हसन अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि क्राइम ब्रांच की टीम ने 12 फरवरी 2026 को 14 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ मुख्य आरोपी कासिम खान को गिरफ्तार किया था। कासिम से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दूसरे आरोपी रिजवान अंसारी (निवासी साउथ तोड़ा) को पकड़ा गया। रिजवान से मिली गुप्त जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह के तीसरे सदस्य हसन अली (निवासी दौलतगंज, इंदौर) को घेराबंदी कर धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी हसन अली ने महज 5वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और वह पेशे से रिपेयरिंग का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना दिनांक से ही फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच अब हसन से विस्तृत पूछताछ कर रही है, जिससे इंदौर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन के बारे में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस आयुक्त के निर्देशों के तहत इंदौर पुलिस अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री में संलिप्त अपराधियों पर पैनी नजर रख रही है। क्राइम ब्रांच द्वारा आरोपी के विरुद्ध विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। प्रकाश/19 फरवरी 2026