:: शिवाजी वाटिका में महापौर और सांसद ने किया माल्यार्पण; स्वराज और सुशासन के संकल्प को दोहराया :: इन्दौर (ईएमएस)। अदम्य साहस, शौर्य और सुशासन के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती गुरुवार को शहर भर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस गौरवमयी अवसर पर शिवाजी वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के प्रथम नागरिक महापौर पुष्यमित्र भार्गव और सांसद शंकर लालवानी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान शिवाजी वाटिका में भारी उत्साह नजर आया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और सांसद शंकर लालवानी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने जय भवानी-जय शिवाजी के जयघोष के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। :: आज भी प्रासंगिक है स्वराज की प्रेरणा :: जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज एक महान योद्धा, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राष्ट्रनायक थे। उनके द्वारा स्थापित स्वराज, स्वाभिमान और सुशासन की प्रेरणा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। हमें उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर शहर के कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में भी सामाजिक संगठनों द्वारा व्याख्यान और कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदवी स्वराज के संस्थापक को याद किया गया। प्रकाश/19 फरवरी 2026