छिंदवाड़ा (ईएमएस)। संतरांचल के पांढुर्णा में चोर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब भगवान के मंदिर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा मामला बुधवार देर रात पांढुर्णा के खारी वार्ड स्थित गुणवंत बाबा के मंदिर में सामने आया। जहां बदमाशों ने वारदात से पहले मंदिर के पुजारी को कमरे में बंद कर दिया और यहां रखी तीन तिजोरियों को तोडक़र उसमें रखे करीब एक लाख रूपए से अधिक की राशी ले भागे। घटना की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंकज मदनकर ने बताया कि नए और पुराने मंदिर में कुल चार दानपेटियां थीं। बदमाशों ने इन सभी दानपेटियों को तोडक़र नकदी चुराई। चोरी की वारदात के दौरान चोरों ने मंदिर के पुजारी दुर्गेश महाराज को एक कमरे में बंद कर दिया था। पुजारी ने बताया कि उन्होंने हिम्मत करके अंदर से दरवाजा खोला और बाहर निकले। इस दौरान तीन बदमाश मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। उन्होंने बताया कि मंदिर की दान पेटी से नकदी चोरी करने वाले आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे। ईएमएस/मोहने/ 10 फरवरी 2026