क्षेत्रीय
19-Feb-2026


छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले के साथ ही पूरे प्रदेश की जनता जानती है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ घोषणाओं पर नहीं काम करने पर भरोसा करते हैं। इसके प्रत्यक्ष व अनेकों प्रमाण जनता के समक्ष विद्यमान है। उनके व्यक्तिगत प्रयासों से ही छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र में अनेकों निजी क्षेत्र की बहूराष्ट्रीय कम्पनियां किसानहित में काम कर रही है। भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बताएं कि भाजपा के किस नेता के प्रयास से कौनसी कम्पनी कब से और कहां किसान हित में काम कर रही। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा का एक ही काम है किसानों से झूठ बोलो, झूठा श्रेय लो। इसका ताजा उदाहरण है मक्का उपज। 2400 रुपए प्रति क्विंटल के दाम से खरीदी की घोषणा करने वाली सरकार अपने वादे से मुकर गई। मक्का बेभाव बेचना पड़ रहा किसानों को। संजय पटेल बताएं कि भाजपा किसान हितैषी है तो फिर समर्थन मूल्य पर मक्का की खरीदी क्यों नहीं की? घोषणा तो भाजपा ने ही की थी फिर खरीदी से क्या पीछ़े हटे? पटेल खुद किसान हैं लेकिन उन्होंने आज तक मक्का का समर्थन मूल्य दिलाने आवाज क्यों नहीं उठाई। कमलनाथ सरकार के समय जय किसान कर्ज माफी योजना से जिले के 74 हजार 780 किसान लाभांवित हुए हैं, इनमें भाजपा के कई किसान नेता भी शामिल है। ये जग जाहिर है कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता कमलनाथ के जिले में किए कामों को सराह चुके हैं। ईएमएस/मोहने/ 19 फरवरी 2026